-शिकायत के बाद भी नहीं होता समस्या का समाधान, मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
फोटो
चौसाना। कस्बे से गुजरकर जाने वाले रेत से भरे ओवरलोड वाहन लोगों की परेशानी का सबब बन रहे हैं। रेत से भरे वाहनों पर तिरपाल न होने के कारण रेत उड़कर लोगों आंखों में जा रहा है और घरों में भी एकत्र हो जाता है। शिकायत के बाद भी इनके खिलाफ कार्रवाई न होने से आमजन में रोष है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की है।
चौसाना शामली बस स्टैंड, मुख्य बाजार से हर दिन बड़ी संख्या में बगैर तिरपाल ढके रेत से भरे ओवरलोड वाहन गुजरते हैं। वाहनों से रेत उड़ता है, जिससे वाहन चालकों, राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। रेत आंखों में गिरने से वाहनों चालक, राहगीर दिक्कत महसूस करते हैं। शाम के समय चौकी के सामने से ही रेत से भरे ओवरलोड वाहन गुजरते हैं, लेकिन पुलिस उच्चाधिकारियों के आदेश न होने का हवाला देकर मुंह मोड़ लेती है। रेत से भरे वाहनों से उड़ने वाले रेत की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने एसडीएम से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर रेत से भरे वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि नियमानुसार माल वाहन परिवहन के समय अपने सामान को ढककर ले जाना होता है। ऐसे में रेत, बजरी व मिट्टी आदि को ढक कर सड़कों से गुजरना होता है, लेकिन धरातल पर इन नियमों का पालन नहीं हो पा रहा है। नियम तोड़ने वाले वाहनों को पुलिस-प्रशासन व आरटीओ पाबंद कर सकता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी लोगों की समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे। इससे लोगों को भारी समस्या उठानी पड़ रही है। शिकायत करने वालों में सुशील कुमार, राजकुमार, राजेंद्र, सोनू, सागर, सचिन, मैनपाल शामिल रहे।