मंडी में सात दुकानों से सब्जी, फल चोरी
शामली, थानाभवन। चोरों ने कस्बे की सब्जी मंडी में छह व्यापारियों की हजारों रुपयों की फल सब्जी और कैंटीन संचालक के सिलेंडर व अन्य सामान चोरी कर लिया। व्यापारियों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना कस्बे की दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित सब्जी मंडी में सोमवार रात हुई। शाम को सभी व्यापारी मंडी में अपनी दुकानों को बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब व्यापारी मंडी में पहुंचे तो दुकानों के सामने रखा सामान गायब मिला। व्यापारियों ने बताया कि याकूब आढ़ती की तीन सेब की पेटी, बिजेंद्र के दो मटर के बोरे, अरविंद का एक बोरा प्याज, अभिषेक की एक बोरी अदरक, करेशन का आधा बोरा अदरक, पीरु की एक करेट टमाटर चोरी कर लिए गए। इसके अलावा मंडी में कैंटीन का संचालन करने वाले राजकुमार के यहां से दो कामर्शियल सिलिंडर, एक घरेलू सिलिंडर, एक गैस की भट्ठी, एक टीन रिफाइंड, पांच किलो घी, मसाले और दुकान में रखा पान मसाले का सामान चोरी कर लिया। याकूब ने बताया कि मंडी में चौकीदार तैनात है और मंडी में जाने और बाहर आने का एक ही गेट है, इसके बाद भी चौकीदार को चोरी का पता नहीं चला, यह बात भी मंडी में चर्चा का विषय बनी हुई है। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।