सब्जी और किराना की दुकानों पर उमड़ी भीड़
शामली। जिले में चल रहे कोरोना कर्फ्यू में सब्जी व किरयाना की दुकानों पर सामान खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। भीड़ को देखते हुए कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है, लेकिन लोग संभल नहीं रहे हैं। उधर, सड़कों पर निजी वाहन दौड़ते रहे। पुलिस ने बेवजह वाहन चलाने वालों के चालान किए।
शासन के निर्देश पर जिले में शुक्रवार रात आठ बजे से कोरोना कर्फ्यू चल रहा है। पहले यह मंगलवार सुबह सात बजे तक था, लेकिन इसे दो दिन बढ़ाकर बृहस्पतिवार सुबह सात बजे तक कर दिया गया था। कोरोना कर्फ्यू में किरयाना, सब्जी, फल, खाद, बीज आदि आवश्यक वस्तुओं को खोलने की छूट दी गई है। इसके चलते बुधवार को सुबह दुकान खुलते ही लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। नाला पटरी सब्जी मंडी में सबसे अधिक भीड़ रही। सब्जी खरीदने व किरयाना की दुकानों पर सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं किया जा रहा है।
इससे कोरोना संक्रमण और फैलने का खतरा बन रहा है, लेकिन लोग अभी भी संभल नहीं रहे हैं और भीड़ में घुसकर सामान खरीद रहे हैं। उधर, कर्फ्यू के दौरान बेवजह सड़कों पर निजी दुपहिया व चार पहिया वाहन दौड़ते रहे। पुलिस ने गुरुद्वारा तिराहा, फव्वारा चौक, विजय चौक आदि स्थानों पर वाहनों को रोककर पूछताछ की और बेवजह सड़क पर निकलने वालों वाहनों के चालान किए।