शामली। जिले में चल रहे कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान के तहत जिले में 19 बूथों पर 3100 के लक्ष्य के सापेक्ष 1976 लोगों को टीके लगाए गए।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरके सागर ने बताया कि 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को सात बूथों पर टीकाकरण किया गया। एक हजार के लक्ष्य के सापेक्ष 627 लोगों को टीके लगाए गए। इनमें 497 को पहली डोज व 130 को दूसरी डोज के टीके लगे हैं। 62.70 प्रतिशत टीकाकरण हुआ और वैक्सीन की 51 वॉयल खर्च हुईं। इसके अलावा 18 से 44 साल वालों को 12 बूथों पर टीके लगाए गए। 2100 के लक्ष्य के सापेक्ष 1359 लोगों को टीके लगे। 1257 लोगों को पहली डोज व 102 लोगों को दूसरी डोज का टीका लगा है। 64.71 प्रतिशत टीकाकरण हुआ और वैक्सीन की 134 वॉयल खर्च हुईं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि जिले में 1976 लोगों को टीके लगे हैं। उधर, कैराना में ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक अतुल गर्ग ने बताया कि शुक्रवार को कैराना सीएचसी पर 18 प्लस के 100, कसेरवा कला में 18 प्लस के 178 व अलीपुर में 18 प्लस के 155 लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन लगाई गई। इसके अलावा प्राइमरी शास्त्री स्कूल पर 45 प्लस के 60 लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन लगायी गई।
चार दिन से नहीं मिला कोरोना का नया केस
शामली। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि शुक्रवार को प्राप्त सैंपलों की जांच रिपोर्ट में कोरोना का नया केस नहीं मिला है। कोरोना का एक मरीज स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया है। जिले में अब सक्रिय केस की संख्या तीन रह गई है। इससे पहले तीन दिन में भी कोरोना का कोई नया केस सामने नहीं आया है। उधर, कैराना में ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक अतुल गर्ग ने बताया कि शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सीएचसी व बधुपुरा में 93 लोगों की एंटीजन किट द्वारा कोरोना जांच की, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके अलावा 93 लोगों के आरटीपीसीआर द्वारा सैंपल लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं।