सरकारी अस्पतालों में अब सप्ताह में तीन दिन होगा टीकाकरण
शामली। कोराना संक्रमण काल में टीकाकरण का कार्य बाधित होने के कारण अब सप्ताह में तीन दिन टीकाकरण किया जाएगा। शासन ने तीन माह तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जन जागरूकता के लिए सीएचसी शामली से ई-रिक्शा रैली का शुभारंभ किया गया।
मंगलवार को सीएचसी शामली पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने ई रिक्शा रैली को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम पीसीआई कोर जन कल्याण सेवा समिति द्वारा नियमित टीकाकरण हेतु जनजागरण के प्रचार-प्रसार के लिए शुरू किया गया। डा. राजकुमार सागर ने बताया कि समिति की तरफ से शामली और ऊन ब्लाक में ई-रिक्शा से नियमित टीकाकरण के लिए प्रचार प्रसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण काल में गर्भवती और बच्चे टीकाकरण से वंचित रह गए हैं। टीकाकरण को नियमित करने के लिए शासन के निर्देश पर तीन माह तक यानि 31 जनवरी 2021 तक विशेष अभियान चलाया गया है। इसके तहत अब बुधवार व शनिवार के अलावा सोमवार को भी सभी सरकारी अस्पतालों में गर्भवती और बच्चों को टीके लगाए जाएंगे। इस अवसर पर जिला सर्विलांस अधिकारी एसीएमओ डा. श्रीकांत शर्मा ने लोगों से कहा कि कोरोना को नियंत्रित करने के लिए सोशल डिस्टेंस और फेस मास्क लगाने समेत सभी एहतियात बरतने की जरूरत है, ताकि कोरोना महामारी फैलने से रोका जा सके। इस अवसर पर सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. रमेशचंद्रा, डॉ. दीपक चौधरी, पीसीआई कोर के कोआर्डिनेटर शराफत अली, हनीफ अहमद आदि मौजूद रहे।