शामली, कांधला। थानाक्षेत्र के दिल्ली नेशनल हाईवे मार्ग पर गांव जसाला के निकट स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक सवार युवकों ने हंगामा किया। पेट्रोल पंप के स्वामी ने पुलिस से छह युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। गांव गंगेरु निवासी पूर्व प्रधान संजीव चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव जसाला के निकट पेट्रोल पंप है। पूर्व प्रधान का आरोप है कि पेट्रोल पंप पर पिछले तीन दिन से लगातार लूट की नीयत से गांव जसाला के युवक बाइक लेकर पेट्रोल भरवाने के लिए आते हैं। तेल भरवाने के बाद जब स्टाफ के लोग पैसे मांगते हैं तो उनके साथ बाइक सवार युवक झगड़ा करते हैं। आरोप है कि सोमवार को बाइक सवार युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और जबरन पेट्रोल भरने के लिए कहा। सेल्समैन ने मना किया तो आरोपी युवकों ने पूरे स्टाफ को जान से मारने व पेट्रोल पंप पर लूट की घटना को अंजाम देने की धमकी दी। पंप के मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी। संवाद