शामली। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा-2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को शैक्षिक अभिलेखों में त्रुटि सुधार का अंतिम मौका दिया गया है। बोर्ड ने दो नवंबर से ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया है।
विद्यार्थी 12 नवंबर की रात 12 बजे तक अपने विवरण में संशोधन करा सकेंगे। परिषद की वेबसाइट के माध्यम से नाम, माता-पिता के नाम की वर्तनी, विषय, वर्ग, लिंग, जाति और शिक्षा के माध्यम (हिंदी या अंग्रेजी) में संशोधन कराया जा सकेगा। इसके अलावा फोटो और कक्षा 11 के पंजीकरण में दर्ज हाईस्कूल के गलत अनुक्रमांक में भी सुधार की सुविधा दी गई है। इसके लिए विद्यार्थियों को संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य से संपर्क करना होगा।
वहीं, जन्मतिथि, छात्र या माता-पिता के पूरे नाम में बदलाव और अन्य निर्धारित मामलों में ऑफलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य को आवश्यक अभिलेखों के साथ प्रस्ताव तैयार कर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा कराना होगा। परिषद ने ऑफलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 16 नवंबर निर्धारित की है। डीआईओएस ऐश्वर्या जायसवाल ने बताया कि विद्यार्थियों को अपने शैक्षिक अभिलेखों में दर्ज सभी विवरणों का मिलान कर लेना चाहिए। निर्धारित समय सीमा के बाद त्रुटि सुधार का अवसर नहीं मिलेगा।