गढीपुख्ता क्षेत्र के गांव पेलखा के पास अनियंत्रित होकर पलटी बस को जेसीबी से उठाते कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में यात्रियों को लेकर ऊन जा रही प्राइवेट बस गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्र में पेलखा गांव के निकट अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। कई लोग बस के नीचे दब गए। चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर इकट्ठा हुए ग्रामीणों और गढ़ीपुख्ता पुलिस ने बमुश्किल बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
शनिवार रात करीब सात बजे बस चालक गजेंद्र शामली से यात्रियों को लेकर ऊन के लिए रवाना हुआ। पेलखा गांव पार करने के बाद बिजलीघर के पास पहुंचने पर अनियंत्रित होकर बस पलट गई। बस में सवार यात्रियों ने चीख पुकार मचाई। इसके बाद राहगीर मौके पर इकट्ठा हुए। पेलखा गांव के लोग भी वहां आ गए। इसी दौरान ग्रामीणों ने गढ़ीपुख्ता थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सीओ झिंझाना कुलदीप कुकरेती और थानाध्यक्ष गढ़ीपुख्ता अमरदीप लाल फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों की सहायता से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाया गया। हादसे में शहीद (55) पुत्र मुमताज निवासी कैराना की मौत हो गई। इनके अलावा गढ़ीपुख्ता निवासी उजमा, ऊन निवासी सोनिया, पंकज, महबूब खान, राजेंद्र, मुकेश आदि गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सरकारी अस्पताल भेजकर उपचार कराया।