शामली। गन्ना समिति में किसानों के नाम पर फर्जी भुगतान निकालने के मामले की जांच तीसरे दिन भी चलती रही। लखनऊ से आई टीम ने रजिस्टरों को खंगालने के साथ ही समिति कर्मचारियों के बयान भी लिए हैं।
गन्ना समिति के डायरेक्टरों ने गन्ना आयुक्त को पत्र भेजकर इस बारे में शिकायत की थी। घोटाला उजागर होने पर हड़कंप मच गया, जिसके बाद दो दिन पूर्व ही लखनऊ मुख्यालय से उपायुक्त संजय गुप्ता और रीजनल ऑडिर सुशील शर्मा सहित अन्य लोग इस प्रकरण की जांच करने शामली गन्ना समिति पहुंचे। यहां दो दिन से लगातार जांच चल रही है। बृहस्पतिवार को भी अधिकारी हिसाब किताब चेक कराने में लगे रहे। क्योंकि फर्जीवाड़ा करके भुगतान लेने का मामला कई साल से चल रहा था।
उधर, गन्ना किसान सेवा समिति पर लगे समस्या समाधान मेले में बृहस्पतिवार को भी किसानों ने समस्याएं दर्ज कराई। गन्ना समिति कर्मियों के अलावा चीनी मिल के अधिकारी भी समाधान मेले में किसानों की समस्या सुनने को आए। ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक रिपुदमन सिंह ने बताया कि गन्ना रकबा से लेकर अन्य प्रकार की समस्याएं किसान बता रहे हैं।