खानपान में बरतें सावधानी, चिकित्सक की सलाह से कराएं जांच व उपचार
अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या, लापरवाही हो सकती है खतरनाक
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। मौसम के उतार-चढ़ाव के चलते बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। वायरल व मलेरिया के साथ ही अब टायफाइड के मरीज भी बढ़ गए हैं। चिकित्सकों का कहना है कि टायफाइड के मरीजों को खानपान में सावधानी बरतनी चाहिए। उन्हें चिकित्सक की सलाह से उपचार कराना चाहिए। इसमें लापरवाही खतरनाक हो सकती है।
जिले में बारिश के बाद मौसम में आए बदलाव के चलते उमस भरी गर्मी लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है। वायरल बुखार के अतिरिक्त मलेरिया और टायफाइड के मरीज भी बढ़ गए हैं। सोमवार को सीएचसी की ओपीडी में मरीजों की भीड़ लगी रही। यहां 900 से ज्यादा नए मरीजों की पर्ची बनी जबकि 500 के करीब पुरानी पर्ची पर मरीज आए। इनमें सबसे ज्यादा मरीज वायरल, मलेरिया और टायफाइड पीड़ित थे। इसके अतिरिक्त नजला, जुकाम, खांसी व खाज खुजली के मरीज रहे।
टायफाइड होने की वजह दूषित खानपान, दूषित पानी तथा गंदगी के अतिरिक्त दूसरी वजह भी होती हैं। वायरल बुखार का समय से उपचार नहीं कराने पर टायफाइड में बदलने की आशंका रहती है। इसके लक्षण भी एक से दो सप्ताह बाद दिखाई देते हैं। सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. रामनिवास ने बताया कि वायरल बुखार के ज्यादा मरीज हैं। इसके अतिरिक्त मलेरिया व टायफाइड के मरीज भी आ रहे हैं।
जांच में एक चौथाई टायफाइड पीड़ित
सीएचसी के लैब टेक्नीशियन अशोक कुमार ने बताया कि रोजाना एक सौ से 150 के बीच रक्त के सैंपलों की जांच हो रही है। बुखार की जांच के लिए आने वाले सैंपलों की जांच में 25 फीसदी में टायफाइड आ रहा है।
लक्षण
तेज बुखार होना
सिरदर्द होना
पेट दर्द, कब्ज या बाद में दस्त लगना।
भूख में कमी व शरीर में कमजोरी
पेट या छाती पर लाल धब्बे होना।
बचाव
दूषित पानी पीने से बचें
ताजा बने भोजन का सेवन करें
बाजार में बने खाद्य पदार्थों का सेवन न करें
हरी ताजी सब्जी का सेवन करें।
सफाई का ध्यान रखें।
किशोर समेत दो कोरोना संक्रमित मिले
शामली। जिले में किशोर समेत दो लोगों में कोरोना संक्रमण की आरटीपीसीआर जांच में पुष्टि हुई है। सोमवार को आई नमूनों की जांच में शामली के काकानगर में 35 वर्षीय युवक व कांधला में 12 वर्षीय किशोर कोरोना संक्रमित पाया गया। दोनों को होम आइसोलेट किया गया है। जिले में अब सक्रिय केस की संख्या 26 हो गई है।