कैराना। एक ही दिन में दो अलग-अलग गांवों में बुखार से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि सीतापुर में अधिवक्ता के 35 वर्षीय भाई की डेंगू से मौत के कारण अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहे।
गांव बुच्चाखेड़ी निवासी अनुज की 30 वर्षीय पत्नी प्रियंका को 25 अक्तूबर से बुखार आने पर पानीपत के प्राइवेट हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। अनुज ने बताया कि उसकी पत्नी की डेंगू रिपोर्ट निगेटिव आई थी, लेकिन प्लेटलेट्स कम हो रही थी। रविवार रात करीब 8 बजे पानीपत हास्पिटल में उपचार के दौरान प्रियंका की मौत हो गई। उसके दो छोटे बेटे है। इसके अलावा गांव नगला राई में रविवार को 50 वर्षीय नसीमा की मौत हो गई। ग्राम प्रधान युसूफ ने बताया कि नसीमा दिव्यांग थी और उसे बुखार था। रविवार को नसीमा की मौत हो गई। विदित रहे कि पिछले सप्ताह नगला राई में डेंगू से ग्राम प्रधान की पत्नी सफीना सहित तीन महिलाओं व दो बच्चों की मौत हो गई थी।
वहीं ऊंचागांव निवासी अधिवक्ता बिजेन्द्र शर्मा के भाई योगेश शर्मा (35) परिवार सहित सीतापुर में रहते थे। योगेश शर्मा को डेंगू बुखार आ रहा था। बार एसोसिऐशन के महासचिव आलोक चौहान ने बताया कि रविवार को योगेश शर्मा की डेंगू से मौत हो गई। दोपहर करीब दो बजे बार भवन में आयोजित शोक सभा में दो मिनट का मौन रख कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। बाद में सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहे।