शामली। शामली में स्वास्थ्यकर्मी के रिश्तेदार सहित दो युवकों के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। दोनों युवक मूल रूप से मुजफ्फरनगर के निवासी हैं। चार दिन पहले शामली रिश्तेदारी में आए थे और खुद कोरोना की जांच कराने की इच्छा जताई थी। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों युवकों को कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।
रविवार शाम को मेरठ मेडिकल से पांच लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट आई है, जिनमें दो रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक दोनों युवक नोएडा में किसी कंपनी में नौकरी करते हैं। दोनों मूल रूप से मुजफ्फरनगर जनपद के अलग-अलग गांव के निवासी है। उनमें एक युवक शामली में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी का रिश्तेदार बताया गया है। 27 मई को युवक अपने साथी के साथ शामली रिश्तेदारी में आया था। दोनों ने खुद ही कोरोना की जांच कराने की इच्छा जताई थी। स्वास्थ्यकर्मी के कहने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 28 मई को सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। दोनों में कोरोना के किसी तरह के संदिग्ध लक्षण नहीं थे और न ही उन्हें कोई परेशानी थी। सैंपल लेने के बाद से रिश्तेदारी में आया युवक स्वास्थ्यकर्मी के दयानंद नगर स्थित मकान में होम क्वारंटीन हो गया था, जबकि उसका साथी अपने घर चला गया था और वहां होम क्वारंटीन में रहा। रविवार को दोनों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों युवकों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि रविवार को दो युवकों के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। दोनों नोएडा में नौकरी करते थे और हाल ही में शामली आए थे। दोनों युवकों को कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। डीएम ने बताया कि शामली में जहां पर ये युवक रह रहे थे, वहां पर सैनिटाइजेशन, साफ-सफाई और सीलिंग की कार्रवाई शुरू की जा रही है।