- पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
- घर के बाहर खेलते हुए दोनों बच्चों को पानीपत ले गया था मोहल्ले का युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। कस्बा कांधला के मोहल्ला खैल में घर के बाहर खेल रहे दो बच्चों को मोहल्ले का युवक बहला फुसलाकर अपहरण कर ले गया। दोनों बच्चे सगे भाई हैं। उनके गायब होने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जिले की सीमाएं सील कर रातभर बच्चों की तलाश की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर दोनों बच्चों को हरियाणा के पानीपत से सकुशल बरामद कर लिया।
कस्बे के मोहल्ला खैल निवासी फरीद के पुत्र अरहन (6) और आहद (4) बुधवार दोपहर को करीब दो बजे खाना खाने के बाद घर के बाहर खेलने चले गए। शाम को रोजा इफ्तारी के समय तक जब बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। रात को नौ बजे तक तलाश करने के बाद भी बच्चों का कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद पीड़ित परिजनों के साथ मोहल्लेवासी थाने पहुंचे और पुलिस को बच्चों के गायब होने की जानकारी जानकारी दी। परिजनों ने बच्चों के अपहरण की आशंका जताते हुए सकुशल बरामदगी की मांग की। रात में जिले की सीमाएं सील कर पुलिस टीमें बालकों की तलाश में जुट गई।
इसी बीच पुलिस ने मोहल्ले व कैराना बस स्टैंड के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो एक युवक दोनों बच्चों को ले जाते हुए दिखाई दिया। युवक की पहचान मोहल्ला खैल निवासी प्रदीप उर्फ काला के रूप में हुई। पुलिस ने युवक के बारे में जानकारी की तो पता चला कि वह पानीपत में किसी ईंट भट्ठे पर कार्य करता है, पुलिस टीम के साथ परिजन व अन्य कस्बावासी भट्ठे पर पहुंचे तो वहां बताया गया कि उसने भट्टे से बहुत पहले कार्य छोड दिया था और अब वह पानीपत में कबाड़ का कार्य कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने पानीपत में बताए गए स्थान पर पहुंची और आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रदीप ने बताया कि वह बच्चों को घुमाने के लिए पानीपत लाया था। जबकि परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक उनके बच्चों को कबाड़ इकट्ठा कराने के मकसद से पानीपत ले गया था। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया आरोपी प्रदीप के विरुद्ध मामला दर्ज कर चालान कर दिया है।