कैराना में पुलिस द्वारा पकड़े गए साल्वर गैंग के मुख्य सदस्य-पुलिस
कैराना। पुलिस ने साॅल्वर गैंग के सरगना सहित दो को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दोनों साॅल्वर अभ्यर्थियों के स्थान पर पुलिस भर्ती परीक्षा देने की तैयारी में थे। रविवार को पुलिस ने साॅल्वर गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर किया था, जिसके बाद उक्त दोनों मुख्य साॅल्वर फरार हो गए थे। बाद में पुलिस ने दोनों का चालान करके कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
एक दिन पहले रविवार को पुलिस ने खुरगान फ्लाईओवर के नीचे से साॅल्वर गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया था। चारों आरोपी यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देने जा रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने साॅल्वर गैंग लीडर दिलशाद निवासी मामौर, अनीस निवासी गांव सहपत व कवि निवासी गांव शबगा जनपद बागपत के नाम बताए थे। पुलिस ने उक्त तीनों के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज कर लिया था। सोमवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दिलशाद निवासी मामौर व अनीस निवासी सहपत को शामली रोड पर बिजली घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हाई स्कूल व इंटर की मार्क शीट, डेबिट कार्ड, वाईफाई डिवाइस, मोबाइल के स्क्रीन शाट भी बरामद किए। पुलिस ने पकडे़ गए दिलशाद व अनीस का चालान करके कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। जबकि फरार चल रहे कवि निवासी गांव शबगा जनपद बागपत की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। एसपी का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।