महाराष्ट्र से आए दो प्रवासी श्रमिक कोरोना पॉजिटिव मिले
शामली। शामली जनपद में महाराष्ट्र से आए दो प्रवासी श्रमिकों के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। दोनों श्रमिक कैराना क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों श्रमिक क्वारंटीन सेंटर में थे। उन्हें कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है। उधर, कोविड अस्पताल में भर्ती कोरोना पॉजिटिव महिला के सैंपल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
सोमवार शाम को मेेरठ मेडिकल से आई सैंपलों की जांच रिपोर्ट में जनपद में कोरोना पॉजिटिव के दो नए केस सामने आए हैं। दोनों प्रवासी श्रमिक हैं और महाराष्ट्र के सोलापुर में काम करते थे। दोनों कैराना क्षेत्र के एक गांव के निवासी हैं। 20 मई को शामली पहुंचे थे। प्रशासन ने उन्हें क्चारंटीन सेंटर में रखा था। 23 मई को उनके सैंपल लेकर जांच के लिए मेरठ मेडिकल भेजे गए थे। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि सोमवार को 52 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जबकि महाराष्ट्र से आए दो प्रवासी श्रमिकों के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। दोनों पहले से क्वारंटीन सेंटर में थे। उन दोनों को कोविड अस्पताल झिंझाना में शिफ्ट किया जा रहा है। डीएम ने बताया कि इसके अलावा 14 मई को कोरोना पॉजिटिव मिली शामली के मोहल्ला बड़ी आल निवासी महिला के सैंपल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। उसे अस्पताल से छुट्टी देकर घर भेजा जाएगा। वह घर पर ही कुछ दिन क्वारंटीन में रहेगी। इस तरह से अब जिले में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या 10 हो गई है। विदित हो कि कस्बा कांधला में दो दिन पहले शनिवार को जिन दो युवकों के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। वे दोनों युवक भी महाराष्ट्र से 14 मई को घर लौटे थे। इस तरह जिले के कोरोना संक्रमित जनपद के प्रवासी श्रमिकों की संख्या चार हो गई है।