ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के नीचे सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से इग्निस कार की टक्कर लगने के बाद बाइक जा घुसी। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान टीपीनगर थाना क्षेत्र के शिवपुरम मोकमपुर निवासी शेखर (42) और राजेंद्र (48) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर इग्निस चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पीछे से कार ने मारी बाइक में टक्कर
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 2:15 बजे ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के नीचे एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान स्प्लेंडर प्लस बाइक पर सवार होकर शेखर और राजेंद्र वहां से गुजर रहे थे। तभी पीछे से आ रही गुजरात नंबर की इग्निस कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर आगे खड़े ट्रक में जा घुसी।
दोनों बाइक सवारों की मौके पर मौत
हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को जिला अस्पताल स्थित पीएल शर्मा अस्पताल भिजवाया। मृतकों के परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई की जा रही है।
तीनों वाहन कब्जे में, चालक से पूछताछ
पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक, बाइक और इग्निस कार को कब्जे में ले लिया है। इग्निस कार चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।