गढ़ी अब्दुल्ला खां गांव में चोरी की जानकारी लेते थानाभवन विधायक अशरफ अली और पूर्व विधायक नवाजिश
गढ़ीपुख्ता (शामली)। क्षेत्र के गांव गढ़ी अब्दुल्ला खां में पूर्व सांसद अमीर आलम के रिश्तेदार प्राॅपर्टी डीलर खिजर अहमद के घर में घुसकर चोरों ने घर में रखी लाइसेंसी दो बंदूक, छह कारतूस, दो मोबाइल व पांच हजार रुपये चोरी कर लिए। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पीड़ित की तरफ से पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पूर्व सांसद अमीर आलम खां के रिश्तेदार गांव गढ़ी अब्दुल्ला खां निवासी खिजर अहमद अपनी पत्नी व अन्य परिजनों के साथ रविवार रात को घर में नीचे सो रहे थे, जबकि ऊपर छत पर उनका पुत्र मुबासिर बच्चों के साथ सोए थे। खिजर अहमद प्रॉपर्टी डीलर और पुरानी बाइकों को खरीदने व बेचने का काम करते हैं। रात में चोरों ने घर में घुसकर स्टोर का ताला तोड़कर वहां रखी दो लाइसेंसी बंदूक, छह कारतूस और कमरे में रखे दो मोबाइल, बाइकों के कागज और करीब पांच हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरों ने अलमारी का लाॅकर भी तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए।
खिजर अहमद के बेटे मुबाशिर ने बताया चोरी की घटना का पता रात करीब तीन बजे उस समय चला, जब उनके पिता खिजर अहमद जागे और उनका मोबाइल गायब मिला। दूसरा मोबाइल भी वहां से गायब मिला। इस दौरान घर में सामान बिखरा हुआ पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। थानाभवन विधायक अशरफ अली खान व पूर्व विधायक नवाजिश आलम और ऋषिराज राझड़ ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। एएसपी का कहना है कि तीन टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।