झिंझाना। बैंक के गेट पर मिले 24 हजार रुपये के बारे में ड्यूटी पर तैनात दो होमगार्डों ने बैंक मैनेजर को सूचना दी। उधर रुपये खोने की सूचना देने मजदूर थाने पहुंचा। पुलिस ने बैंक की सीसीटीवी फुटेज देखकर मजदूर को रुपये वापस दिला दिए।
शनिवार को झिंझाना थाने में तैनात होमगार्ड शेरसिंह और अनिल सिंह की डयूटी बस स्टैंड पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक में लगी थी। दोनों होमगार्ड को बैंक के गेट के निकट दो-दो हजार के नोट 24 हजार रुपये पड़े मिले। दोनों होमगार्ड ने तत्काल बैंक मैनेजर को इसकी जानकारी दी। इसी दौरान राजू निवासी गांव रंगाना ने थाना झिंझाना में पहुंचकर 24 हजार रुपये गिरने की सूचना दी, जिन्हें वह बैंक में जमा कराने आया था। उसके साथ उसकी मां भी थी जो, पैसे खोने के कारण बेहोश हो गई थी। उसे वह डाक्टर के यहां छोड़कर आया है। पुलिस ने बैंक में सीसीटीवी फुटेज देखी तो 24 हजार रुपये राजू के ही गिरे होना पाया। बैंक मैनेजर से बात कर राजू को 24 हजार रुपये वापस करवा दिए गए। मेहनत मजदूरी करने वाले राजू ने दोनों होमगार्ड का आभार जताया और राजू की मां ने दोनों होमगार्डों को आशीर्वाद दिया। थाना प्रभारी सुशील कुमार दुबे ने भी दोनों होमगार्ड की ईमानदारी की सराहना की।