नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों की ठगी
शामली में एसपी के आदेश पर युवक की नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में आदर्श मंडी थाने पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कस्बा बनत निवासी पूनम राणा ने एसपी अभिषेक को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि भतीजे की नौकरी लगवाने के लिए गांव भनेड़ाजट निवासी सुमित ने नौ लाख रुपये मांगे थे। पीड़िता का कहना है कि उसने जनवरी 2021 में सुमित को एक लाख रुपये का चेक दिया था। इसके बाद 50-50 हजार रुपये नकद दिए। इसके बाद दिसंबर 2021 में सुमित उन्हें लखनऊ ले गया और वहां उसके कहने पर 25 हजार रुपये खर्च किए गए। सुमित ने दो लोगों को रिश्तेदार बताकर मिलवाया और उन्हें 50 हजार रुपये और दिलवाए गए। इसके बाद दो लाख रुपये की और मांग की गई, जो उसके बताए हुए खाता नंबर में भेजे गए।
यह भी पढ़ें: पूर्व पार्षद के प्यार में हुई अंधी: तड़पते रहे जिगर के टुकड़े... पर हत्या होते देखती रही मां, नहीं पसीजा दिल
इसके बाद भी जब उसके भतीजे की नौकरी नहीं लगी तो उसे ठगी होने का पता चला। पीड़िता का कहना है कि इस प्रकरण की जांच पुलिस ने एक साल पहले ही पूरी कर ली थी, लेकिन इसके बाद भी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। एसपी के आदेश पर आदर्श मंडी थाने पर सुमित, संदीप निवासी खुदाबख्शपुरा थाना बड़गांव जिला सहारनपुर और राजीव निवासी गांव बलवा गुजरान थाना शामली के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।