शामली। क्षेत्र के गांव हरसाना में बुखार से एक युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, शामली के गांव सिलावर में भी दर्जनों लोग बुखार की चपेट में हैं। ग्रामीणों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति रोष बना हुआ है। उधर, कांधला क्षेत्र के गांव हाजीपुर दुगड्डा में बुखार से बालिका की मौत हो गई।
गांव हरसाना निवासी रीणा सिंह के पुत्र प्रमिल को पिछले कई दिन से बुखार आ रहा था। रविवार की रात हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे पानीपत के नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। उधर, शामली के गांव सिलावर में भी बुखार का प्रकोप जोरों पर है। पूर्व प्रधान सुदेश देवी ने बताया कि गांव में दर्जनों लोग बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीणों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति रोष बना हुआ है। ग्रामीणों ने सीएमओ से मिलने का निर्णय लिया है।
कांधला क्षेत्र के गांव हाजीपुर दुगड्डा निवासी रियासत की धेवती दस वर्षीय गुलशन पिछले पांच दिन से बुखार की चपेट में थी। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे शामली के नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव को सुपुर्दे खाक कर दिया।
बुखार से हुई मौत से गांव में दहशत बनी हुई है। गांव में दर्जनों लोग अब भी बुखार से पीड़ित हैं। गांव के ही शहजाद की हालत गंभीर होने के चलते परिजनों ने उसे नर्सिंग होम में भर्ती कराया।