शामली। बिजनौर की कोर्ट में पेशी पर आए दो हत्यारोपियों पर फायरिंग करने के आरोप में पकड़े गए बदमाशों में शामिल सुमित निवासी लिलौन पर शहर कोतवाली में हत्या और जानलेवा हमला करने के आरोप में दो मुकदमे दर्ज हैं।
मंगलवार को बिजनौर की कोर्ट में पेशी पर आए दो आरोपियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। फायरिंग करने वाले बदमाशों में शामली के गांव लिलौन निवासी सुमित भी शामिल है। कोतवाल सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि सुमित 2009 में दर्ज दो मुकदमों में नामजद हुआ था। कोतवाल के मुुताबिक सुमित पर पहला मुकदमा 14 अक्तूबर 2009 को जगपाल सिंह निवासी गांव बलवा की तरफ से दर्ज कराया गया था। इस घटना में जगपाल सिंह के पौत्र जितेंद्र उर्फ मिंटू को गांव खेड़ी और लिलौन के बीच धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। मुजफ्फरनगर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई थी। इस मामलें में सुमित समेत दस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।
दूसरा मुकदमा कांधला थानाक्षेत्र के गांव मीमला निवासी ओमकार की तरफ से 15 अक्तूबर 2009 में शहर कोतवाली में जानलेवा हमला करने का दर्ज किया गया था। इस घटना में वादी ओमकार के पुत्र मोहित को लाठी डंडे और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मुकदमे में भी सुमित समेत चार नामजद हुए थे। कोतवाल का कहना है कि दोनों मुकदमों में सुमित जेल गया था।