नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में दो गिरफ्तार
कैराना। शनिवार सुबह पुलिस खादर क्षेत्र के गांव पठेड बांध के निकट गश्त कर रही थी। दो व्यक्ति एक बाइक से जा रहे थे। पुलिस ने दोनों को रुकने का इशारा किया, तो दोनों बाइक को गिराकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों व्यक्तियों को दबोच लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी फुरकान निवासी गांव जिजौला थाना झिंझाना के कब्जे से 130 ग्राम नशीला पदार्थ व 120 नशीली टैबलेट और दूसरे आरोपी इरशाद उर्फ काला निवासी गांव तिसंग थाना झिंझाना के कब्जे से एक किलो 200 ग्राम अफीम बरामद की, जिसकी कीमत पांच लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस आरोपियों के कब्जे से एक बाइक भी बरामद की। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से बरामद बाइक आरोपियों ने हरियाणा से चोरी की थी। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वे नशीला पदार्थ हरियाणा से लेकर आते हैं और छोटी-छोटी मात्रा में पुड़िया बनाकर अपने क्षेत्र के गांवों में बेचते है। दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।