संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। थाना आदर्श मंडी पुलिस ने युवक की चाकू से हमला कर गंभीर घायल करने के मामले आरोपी उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घायल का मोबाइल व चाकू बरामद किया है।
कस्बा बनत निवासी फैय्याज ने आदर्श मंडी थाने पर तहरीर देकर बताया कि उसके पुत्र इंतजार को 16 अगस्त की शाम को उसके साथी कस्बे के आशु और आर्यन फोन करके घर से बुलाकर जंगल में नलकूप पर ले गए और जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर गंभीर घायल कर दिया था। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया था। घायल का मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा है। एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि युवक को घायल करने के आरोपी आशु निवासी मोहल्ला प्रताप नगर और आर्यन निवासी मोहल्ला जवाहर नगर बनत को भिक्की मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया है।
विद्युत टीम पर हमले की रिपोर्ट दर्ज
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव शेखूपुरा में विद्युत टीम पर हमले के मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
खेड़ीकरमू बिजलीघर के एसडीओ गुरुदीन प्रजापति ने बुधवार को थाना आदर्श मंडी पर तहरीर देकर बताया था कि वे टीम के साथ गांव शेखूपुरा में विद्युत चेकिंग करने गए थे। चेकिंग के दौरान गांव के पंकज, सूरज, नरेश व सेठा ने उन पर हमला कर दिया था। हमले के दौरान उन्होंने जनसेवा केंद्र में घुसकर जान बचाई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने व हमला करने समेत कई धाराओं मेें रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद