आरोग्य मेले में 1099 मरीजों का उपचार, 103 बने गोल्डन कार्ड
शामली। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में इस बार मरीजों की संख्या में कमी आई है। इस बार 1099 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया। इस बार बुखार के मरीज 40 प्रतिशत से घटकर करीब 25 प्रतिशत रह गए। इसके अलावा त्वचा, सांस, पेट की बीमारी संबंधी मरीज ज्यादा रहे। आरोग्य मेले में आयुष्मान योजना के 103 गोल्डन कार्ड बनाए गए।
रविवार को जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित किया गया। मेले में 29 चिकित्सक और 78 पैरा मेडिकल स्टाफ की ड्यूटी रही। पिछले रविवार को आरोग्य मेले में 1219 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया। इनमें सबसे ज्यादा करीब 40 प्रतिशत मरीज बुखार के रहे थे। इस बार मरीजों की संख्या मेें कमी आई है। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 1099 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया, जिनमें 472 पुरुष, 503 महिला और 174 बच्चे शामिल रहे। इनमें बुखार के मरीज करीब 25 प्रतिशत रहे।
चिकित्सकों का कहना है कि बुखार के मरीजों की संख्या घटी है। इसके अलावा नजला, जुकाम, खांसी, त्वचा संबंधी खाज खुजली, सांस, पेट संबंधी गैस, तेजाब आदि के मरीज रहे। जन आरोग्य मेले में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के 103 गोल्डन कार्ड बनाए गए। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि आरोग्य मेले में 1099 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया और 104 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं। मेले में ज्यादातर मरीज सामान्य बीमारी से संबंधित रहे।