वैक्सीनेशन में व्यवस्था बनाने के लिए पुलिसकर्मियों को दिया प्रशिक्षण
शामली। कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन जल्द आने की संभावना के चलते वैक्सीनेशन की तैयारियां तेजी से चल रही है। सीएमओ कार्यालय पर दो शिफ्टों में 60 पुलिसकर्मियों को वैक्सीनेशन में व्यवस्था बनाने में सहयोग के लिए प्रशिक्षण दिया गया।
कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन जल्द आने की संभावना के चलते वैक्सीनेशन को लेकर स्वास्थ्य विभाग में तैयारियां चल रही है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डॉ. राजकुमार सागर ने बताया कि सीएमओ कार्यालय स्थित सभागार में बृहस्पतिवार को दो शिफ्टों में 30-30 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि जनपद में सभी ब्लाक स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दो-दो बूथ और जिला अस्पताल में तीन बूथ यानि कुल 15 बूथ पर वैक्सीनेशन किया जाएगा। वैक्सीनेशन के लिए 15 टीमें लगाई जाएगी। सीएमओ डा. वीर बहादुर ढाका ने बताया कि पुलिसकर्मियों को बताया गया कि वैक्सीनेशन के लिए प्रत्येक बूथ पर तीन कक्ष बनेंगे। पहले कक्ष में जिन व्यक्तियों को वैक्सीनेशन होगा, उनके आधार कार्ड आदि कागजों की जांच की जाएगी। दूसरे कक्ष में वैक्सीनेशन और तीसरे कक्ष में वैक्सीनेशन के बाद आधा घंटा निगरानी की जाएगी। वैक्सीनेशन वाले व्यक्ति के साथ आने वाले रिश्तेदारों व परिचितों को बाहर रोका जाएगा। इन सब व्यवस्थाएं बनाने के लिए पुलिसकर्मियों को जानकारी दी गई।