शामली। दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। सोमवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री जयंत सिंह चौधरी बड़ौत रेलवे स्टेशन से दो नई पैसेंजर ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इनमें से एक ट्रेन दिल्ली और दूसरी ट्रेन शामली के लिए चलेगी।
रालोद के सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने बताया कि रेलवे मंत्रालय ने दिल्ली–शामली रूट पर पैसेंजर ट्रेनों के संचालन को मंजूरी दे दी है। सोमवार दोपहर दो बजे रेल मंत्री बड़ौत पहुंचकर दोनों ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान बागपत सांसद राजकुमार सांगवान भी मौजूद रहेंगे।
विधायक उठाएंगे दो बड़ी मांगें
विधायक प्रसन्न चौधरी ने बताया कि वह रेल मंत्री को ज्ञापन देकर दो प्रमुख मुद्दों पर बजट जारी करने की मांग करेंगे
मेरठ–पानीपत नई रेलवे लाइन और शाहदरा से सहारनपुर तक रेलवे लाइन के दोहरीकरण की मांग शामिल है।
उन्होंने कहा कि शामली–दिल्ली रूट पर बढ़ते रेल यातायात को देखते हुए दोहरी लाइन की बेहद आवश्यकता है।
रालोद कार्यकर्ता भी जाएंगे बड़ौत
शामली से रालोद विधायक के नेतृत्व में कार्यकर्ता बड़ौत पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे। रेल मंत्री द्वारा दोनों ट्रेनों के शुभारंभ के बाद यात्रियों को इस रूट पर नई सुविधाओं का लाभ मिलेगा।