- प्रदर्शन कर जीएसटी उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
फोटो समाचार
शामली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग के आह्वान पर सोमवार को प्रदेश के सभी जिलों में व्यापारी अपने जिलों में जीएसटी की धारा 61 के अंतर्गत दिए जा रहे नोटिस के विरोध में सड़क पर उतरे। जीएसटी आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर नोटिस देने की परंपरा को बंद करने की मांग की।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग के नेतृत्व में शहर के सुभाष चौक पर व्यापारी इकट्ठा हुए। व्यापारियों ने जीएसटी कार्यालय उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर धारा 61 के अंतर्गत दिए जा रहे नोटिस देने का विरोध करते हुए इसे बंद करने की मांग की है। ज्ञापन देते हुए कहा कि जीएसटी के अफसरों की ओर से व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वैट की तरह एसेसमेंट के समय एक बार नोटिस देकर उनका वित्तीय वर्ष का एसेसमेंट कर दिया जाता था। अब व्यापारियों को बार-बार नोटिस देकर उत्पीड़न किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जीएसटी में आए दिन नए-नए कानून थोपे जा रहे हैं। जिससे जीएसटी दिन प्रतिदिन जटिल होता जा रहा है। इसीलिए जीएसटी के सरलीकरण की आवश्यकता है। इसकी जटिलताओं को समाप्त कर जीएसटी का सरलीकरण किया जाए। व्यापारी हर महीने बढ़ाकर टैक्स देकर सरकार का खजाना भर रहे हैं। फिर भी व्यापारी पर नए-नए कानून थोप कर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है, जो बंद होना चाहिए। यदि जीएसटी का सरलीकरण कर व्यापारियों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो व्यापारी प्रदेशव्यापी आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
इस अवसर पर मंडल के प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष चंद धीमा , जिलाध्यक्ष सूर्यवीर सिंह, नगर अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल, जिला महामंत्री राजेश सिंघल, जिला कोषाध्यक्ष राजेश जैन, नगर महामंंत्री रवि संगल, पवन गोयल महेश धीमान, प्रदेश प्रभारी व्यापारी सेना पंकज वालिया, अमित गर्ग, आशु पुरी, शिवांक गर्ग आदि उपस्थित रहे।