कांधला। बुढ़ाना मार्ग पर पुराली से लदी ट्रैक्टर ट्राली पलटने से भीषण जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से ट्राली हटवाकर यातायात सुचारु करवाया।
रूट डायवर्जन लागू होने के बाद से कांधला कस्बे में ट्रैफिक जाम बड़ी समस्या बन गया है। हरियाणा की ओर से आने वाले ट्रक और ट्रैक्टर ट्रालियों को कैराना से वाया कांधला के रास्ते बुढ़ाना और मेरठ की तरफ निकाला जा रहा है। सोमवार सुबह सोनीपत निवासी कालू ट्रैक्टर ट्राली में पुराली लादकर बुढ़ाना की तरफ जा रहा था।
जैसे ही ट्रैक्टर ट्राली बुढ़ाना मार्ग पर गांव भभीसा के पास पहुंची, तो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक कालू घायल हो गया। पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहीं, इसी दौरान भूसे से लदा ट्रैक्टर ट्राली भी वहां से निकालने के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गया।
जिससे कांधला-बुढ़ाना मार्ग पर ट्रैफिक जाम हो गया। मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एक तरफ परासौली तक तो दूसरी तरफ कांधला से गांव अट्टा तक ट्रैफिक जाम में सैकड़ों वाहन फंस गए। पुलिस ने जेसीबी मंगाकर दोनों ट्रैक्टर ट्रालियों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद करीब दो घंटे बाद यातायात व्यवस्था सुचारु हो पाई। जाम के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।