संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। कस्बे के राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सद्भावना दिवस व अक्षय ऊर्जा दिवस के अवसर पर डॉ. बृजभूषण के द्वारा छात्राओं और प्राध्यापकों को सद्भावना के साथ मिलजुल कर रहने की शपथ ग्रहण कराई गई। इस अवसर पर गोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
गोष्ठी में डॉ. बृज भूषण ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए हम सभी का कर्तव्य है कि सद्भावना पूर्वक व्यवहार करें। आपसी मतभेदों को शांतिपूर्ण ढंग से एक दूसरे के समक्ष रख उनका उपाय ढूंढने का प्रयास करें। अक्षय ऊर्जा दिवस के अवसर पर डॉ. संजय कुमार ने बताया कि अक्षय ऊर्जा का उपयोग भविष्य में वातावरण को सुरक्षित कर आगे आने वाली पीढ़ियों को प्रदूषण रहित संसार देने की ओर कदम है। हमें इसका अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए। डॉ. अंकिता त्यागी ने कहा कि 20 अगस्त को भारत में अक्षय ऊर्जा को विकसित करने एवं उसके उपयोग को बढ़ावा देने व जागरूकता फैलाने के लिए अक्षय ऊर्जा दिवस मनाया जाता है।
डॉ दीप्ति चौधरी ने संचालन करते हुए कहा कि सद्भावना दिवस राजीव गांधी के एक विकसित राष्ट्र के दृष्टिकोण को बढ़ावा देता है। कार्यक्रम मे डॉ. पंकज चौधरी, डॉ. रामायण राम, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. सीमा सिंह, डॉ. नयना शर्मा, डॉ. लक्ष्मी गौतम, डॉ. श्याम बाबू आदि भी उपस्थित रहे।