शामली। जिले की तीन तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 85 शिकायत दर्ज की गई। जिनमें से 10 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया।
शामली तहसील में डीएम जसजीत कौर ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर उनके निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान डीएम ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस में 35 शिकायतें दर्ज की गई। जिनमें में से महज 5 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। शेष शिकायतों का समय से निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
एसपी अभिषेक झा ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को महकमे से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। एसडीएम शामली विशु राजा, प्रभागीय वनाधिकारी विनय कुमार, उप कृषि निदेशक शिवकुमार केसरी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कैराना तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 19 शिकायतें आई। इनमें से मौके पर दो का निस्तारण कर दिया गया। तहसील सभागार में एसडीएम शिवप्रकाश यादव ने समस्याएं सुनी। इस दौरान अवैध कब्जा हटवाने, मकान बनवाने, आरोपियों को गिरफ्तार कराने, राशन वितरण में धांधली से संबंधित कुल 19 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मौके पर दो शिकायती पत्रों का निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायती पत्रों को शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया। एसडीएम ने प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इस दौरान सीओ बिजेंद्र सिंह भड़ाना व तहसीलदार प्रियंका जायसवाल आदि मौजूद रहे।
ऊन तहसील में सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों का समयबद्घ व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के आदेश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 31 शिकायतें आई जिनमें से 3 शिकायतों का निस्तारण किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम निकिता शर्मा, तहसीलदार भोपाल सिंह समेत सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।