कांधला। महिला की ब्लैकमेल से आजिज आकर एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
क्षेत्र के गांव आट्टा निवासी रोहताश का 32 वर्षीय पुत्र शेखर उर्फ छोटू बुढ़ाना थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति के साथ कपड़े की फेरी लगाने का काम करता था। ग्रामीणों के अनुसार दोनों युवक कपड़े खरीदकर उसे दूसरे क्षेत्रों में जाकर पैंठ बाजार में बेचते थे। इस दौरान उसे पता चला कि उसके साथी की पत्नी के संबंध उसके गांव निवासी डाॅ. राहुल के साथ हैं। युवक ने अपने दोस्त को बता दिया। इसके बाद महिला व डाॅ. राहुल बार-बार शेखर को ब्लैकमेल कर रहे थे और उससे पैसों की मांग कर रहे थे। जिसका जिक्र उसने अपने दोस्तों व परिचितों से भी किया था। रविवार दोपहर को वह गांव से बिना बताए गायब हो गया। शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसको ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन पता ना चलने पर थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। ग्रामीण उसे जंगल में ढूंढते रहे। रात्रि लगभग साढ़े दस बजे शेखर का शव गांव के बाहर एक पेड़ पर लटका हुआ मिला। आनन-फानन में परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं मामले में मृतक के पिता ने पूजा व डाॅ. राहुल के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में सीओ कैराना अमरदीप मौर्य ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।