शामली पुलिस कार्यालय के पास मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व तैयारी का जायजा लेते एसपी
- फोटो : SHAMLI
सीएम की सुरक्षा में रहेंगे कड़े बंदोबस्त, बाहरी पुलिस फोर्स भी रहेगा तैनात
शामली। सीएम योगी आदित्यनाथ के एक मार्च को जनपद में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया जा रहा है। सीएम की सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहेंगे। बाहर से गैर जनपदों का भी फोर्स तैनात रहेगा। देर शाम एसपी ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैैयारियों की समीक्षा की। उधर, सीएम के कार्यक्रम के दौरान रूट डायवर्जन भी किया जाएगा।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि सीएम की सुरक्षा के लिए बाहर का फोर्स भी तैनात रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। कितना फोर्स बाहर से आएगा, कहां-कहां पर ड्यूूटी रहेगी, इसकी तैयारी चल रही है। शनिवार को पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी जाएगी। शुक्रवार देर शाम एसपी ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उधर, यातायात प्रभारी भंवर सिंह ने बताया कि सीएम के कार्यक्रम के दौरान जिले में रूट डायवर्जन रहेगा। झिंझाना नहर पुल, एसटी तिराहा और मंडी तिराहा ब्लाक रोड पर बैरियर लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में जाने वाले वाहनों को इन स्थानों से जाने की अनुमति मिलेगी। भारी वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला जाएगा। रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया जा रहा है।