संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव सिक्का में शरारती तत्वों ने बृहस्पतिवार रात धर्मस्थल ग्राम देवता भुमिया खेड़ा परिसर में करीब 11 स्थानों पर मांस के टुकड़े फेंक दिए। इससे क्षुब्ध ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। वहीं, पुलिस ने मांस के टुकड़ों को हटवाया तथा जांच के लिए नमूना लिया। वहीं, गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है।
गांव सिक्का में घनी आबादी के बीच शिव दुर्गा मंदिर के बराबर में ग्राम देवता भुमिया खेड़ा है। शरारती तत्वों ने बीती रात भुमिया खेड़ा परिसर में थोड़ी-थोड़ी दूर करीब 11 स्थानों पर मांस के टुकड़े फेंक दिए। इसकी जानकारी शुक्रवार सुबह उस समय हुई, जब महिलाएं पूजा अर्चना के लिए पहुंचीं। धर्मस्थल पर मांस फेंके जाने की जानकारी पाकर ग्रामीण एकत्र हो गए। उनमें घटना को लेकर रोष उत्पन्न हो गया।
वहीं, आदर्श मंडी पुलिस के साथ एएसपी ओपी सिंह, सीओ सिटी जितेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। उधर, ग्राम प्रधान सियाराम शर्मा व अन्य लोगों की मदद से पुलिस ने धर्मस्थल परिसर से मांस के टुकड़े हटाए। वहीं, परीक्षण के लिए नमूना भी लिया। एएसपी ओपी सिंह ने ग्रामीणों को आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है। इस मामले में दुर्गा मंदिर समिति के अध्यक्ष हरपाल सिंह की तरफ से आदर्श मंडी थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
वार्षिकोत्सव पर हवन भंडारा आज
गांव सिक्का के प्रधान सियाराम शर्मा ने बताया कि भुमिया खेड़ा पर शनिवार को वार्षिकोत्सव पहले से तय है। इसकी तैयारी की गई है। इस अवसर पर सुबह में हवन होगा। इसके बाद भंडारा किया जाएगा। शुक्रवार को मंदिर में सफाई व धुलाई के साथ रंगाई-पुताई कराई जा रही है। वार्षिकोत्सव से पहले दिन उक्त घटना शरारती तत्वों द्वारा गांव का माहौल बिगाड़ने की कोशिश है।
कोट
गांव सिक्का में धर्मस्थल परिसर में सुबह ग्रामीणों ने अवांछनीय वस्तु देखी। जिसे प्रधान व संभ्रांत ग्रामीणों ने हटवा दिया। पूरे मामले की वीडियोग्राफी कराई है। अवांछनीय वस्तु को परीक्षण के लिए भेजा है। इस घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। इसमें दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।-ओपी सिंह, एएसपी
शामली क्षेत्र के गांव सिक्का में धर्मस्थल में मांस के टुकड़े फेंकने की सूचना पर पहुंचे एएसपी ओपी- फोटो : SHAMLI
शामली क्षेत्र के गांव सिक्का में थाना प्रभारी से वार्ता करते ग्रामीण।- फोटो : SHAMLI
शामली क्षेत्र के गांव सिक्का में धर्मस्थल परिसर में फेंके गए मांस के टुकड़े को इक्ठठा करता सिपाह?- फोटो : SHAMLI