शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में बनत-जलालपुर मार्ग पर तीन युवकों से मारपीट कर बदमाशों ने लूट की कोशिश की। शोर मचाने पर बदमाश मौके से फरार हो गए। वहीं, पुलिस घटना को आपसी मारपीट का मामला मानकर जांच कर रही है।
शुक्रवार देर रात आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी रवि बाइक पर सवार होकर बनत से अपने घर जा रहा था। जलालपुर मार्ग पर बीच रास्ते में पांच-छह बदमाशों ने उसे रोक लिया और उसकी बाइक की चाबी निकाल ली। रवि के मुताबिक बदमाशों ने उसके साथ लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान पीछे से दूसरी बाइक पर गांव के पुनीत और अरुण पहुंचे तो बदमाशों ने उन्हें भी घेर लिया और उनके साथ मारपीट कर लूटपाट करने की कोशिश की। इस दौरान शोरशराबा होने पर ग्रामीणों को किसी तरह जानकारी मिली तो वे मौके की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता हुआ देखकर बदमाश उन्हें छोड़कर खेतों में घुसकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी लेकर छानबीन की। आदर्श मंडी थानाध्यक्ष का कहना है कि यह मामला लूटपाट की कोशिश का न होकर आपसी मारपीट का लग रहा है। जिस रवि के साथ मारपीट होना बताया गया है, उसका पहले भी बनत के युवकों के विवाद हुआ था। थानाध्यक्ष का कहना है कि इस मामलेेेे की जांच की जा रही है। अभी कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।