कांधला। हिंदू इंटर कॉलेज में कक्षा में शिक्षण कार्य के दौरान छत का पंखा गिर जाने से कक्षा 9वी के तीन छात्र घायल हो गए। प्रधानाचार्य ने छात्र का प्राथमिक उपचार कराकर परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना पर कॉलेज पहुंचे परिजनों ने कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। किसी तरह परिजनों को शांत किया गया।
कस्बे के मोहल्ला इदरीश बेग बिहार कॉलोनी निवासी 15 वर्षीय छात्र आयान छोटी नहर स्थित हिंदू इंटर कॉलेज में कक्षा 9वी का छात्र है। मंगलवार को कक्षा में शिक्षण कार्य के दौरान छात्र अपनी पंक्ति में बैठा हुआ था। इसी दौरान छत का पंखा छात्र आयान पर गिरा जिसमें वह घायल हो गया। उसके पास मौजूद विशाल राणा व एक अन्य छात्र को भी चोटें आईं। इस दौरान कक्षा में अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर कक्षा में पहुंचे प्रधानाचार्य कमलेश कुमार सिंह ने छात्रों का प्राथमिक उपचार करा कर परिजनों को घटना की सूचना दी। छात्र आयान के परिजन मौके पर पहुंच गए। छात्र के परिजनों ने कालेज प्रशासन पर जर्जर बिल्डिंग व विद्युत उपकरण जर्जर अवस्था में होने पर हंगामा खड़ा कर दिया।
कॉलेज में हंगामा की सूचना पर पहुंचे प्रबंध समिति के लोगों ने हंगामा कर रहे परिजनों को शांत किया। हादसे के बाद प्रबंधक प्रदीप कुमार सिंघल ने प्रधानाचार्य को कॉलेज के सभी पंखों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।