गंगेरू में बुखार से एक सप्ताह में तीन लोगों की मौत
- ग्रामीणों ने गांव में कैंप लगाकर स्वास्थ्य की जांच कराने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू में एक सप्ताह में बुखार से तीन लोगों की मौत होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजकर गांव में कैंप लगाकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य एवं रक्त की जांच कराकर दवा दिलाने की मांग की है।
गांव गंगेरू में बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। गांव में दर्जनों महिला, पुरुष और बच्चों को बुखार ने अपनी चपेट में ले रखा है। ग्रामीणों के मुताबिक मोहल्ला टोलियान निवासी 35 वर्षीय गुलनाज और 55 वर्षीय अनवार कई दिन से बुखार से पीड़ित चल रहे थे। दोनों बुखार पीड़ितों का परिजन गांव में उपचार करा रहे थे। मंगलवार सुबह दोनों की बुखार से मौत हो गई। एक दिन में बुखार से दो मौत होने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पूर्व मोहल्ले की एक महिला नुसरत की भी बुखार से मौत हो गई थी। मोहल्ले के फरमान अली, साजिद, डाक्टर इकराम आदि ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजकर एक सप्ताह में मोहल्ले में बुखार से तीन मौत होने की जानकारी देते हुए गांव में कैंप लगाकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कराने और दवा वितरित कराए जाने की मांग की है। राजकीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रामबीर सिंह का कहना है कि गांव के स्वास्थ्य उपकेंद्र पर जल्द ही कैंप लगाकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर दवा वितरित की जाएगी।