- 14 सैंपलों की सहारनपुर मेडिकल कॉलेज में हुई एलाइजा जांच
- जिले में डेंगू के केस संख्या बढ़कर हुई 16
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले मेें डेंगू पांव पसारता जा रहा है। एलाइजा जांच के लिए सहारनपुर मेडिकल कॉलेज में भेजे गए 14 सैंपलों की रिपोर्ट में तीन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। जिले में इससे पहले 13 केस मिल चुके हैं। अब डेंगू के केस की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।
जिले में वायरल, मलेरिया और टायफाइड के साथ ही डेंगू के केस भी लगातार सामने आ रहे हैं। जिला मलेरिया विभाग की टीम ने जिले से डेंगू संभावित मरीजों के 14 सैंपल सहारनपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज में एलाइजा जांच के लिए भेजे थे। सहारनपुर मेडिकल कॉलेज से सैंपलों की जांच रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हो गई है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट में तीन मरीजों की डेंगू की पुष्टि हुई है। इससे पहले डेंगू के 13 केस मिले थे। अब तीन और केस मिलने से जिले में डेंगू के 16 केस हो गए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक मिले डेंगू के सभी मरीज उपचार के बाद स्वस्थ है। फिलहाल किसी मरीज का सैंपल लंबित नहीं है।
सितंबर में मिले 14 केस
इस साल सितंबर माह में डेंगू के केस सबसे ज्यादा सामने आए हैं। अगस्त तक सिर्फ दो केस ही सामने आए थे। इस महीने स्वास्थ्य विभाग ने पहले 20 सैंपल एलाइजा जांच को भेजे थे, जिनमें 11 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई थी। अब 14 सैंपलों में तीन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि सितंबर और अक्तूबर माह में डेंगू पीक पर रहता है। नवंबर में यह कम होना शुरू हो जाता है। पिछले महीने जिले में रिकार्ड 300 केस डेंगू के मिले थे।