डेंगू के तीन मरीज मिले, स्वास्थ्य टीम ने लिए रक्त के नमूने
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले में डेंगू के तीन और मरीज सामने आए हैं, हालांकि स्वास्थ्य टीम इन्हें अभी संभावित मान रहा है। स्वास्थ्य टीम ने डेंगू की पुष्टि के लिए एलाइजा जांच कराने के लिए मरीजों के रक्त के नमूने लिए हैं। स्वास्थ्य टीम ने शिविर लगाकर 15 मरीजों को दवा का वितरण किया तथा 30 घरों में एंटी लार्वा ब्रीडिंग की जांच की।
जिले के कांधला देहात नई बस्ती में दो और गांव जसाला में रैपिड कार्ड से जांच में तीन लोगों में डेंगू पाया गया। इसकी सूचना मिलने पर सोमवार को जिला मलेरिया विभाग की टीमें दोनों स्थान पर पहुंचीं। गांव जसाला और कांधला नई बस्ती में एंटी लार्वा कीटनाशक छिड़काव कराया। स्वास्थ्य टीम ने डेंगू के संभावित तीनों मरीजों के रक्त सैंपल लिए। इसके साथ ही ड्राई डे के अंतर्गत लगभग 30 घरों में लार्वा ब्रीडिंग की जांच की गई।
बताया कि जांच के दौरान किसी भी जगह पर लार्वा ब्रीडिंग की स्थिति नहीं पाई गई। इस दौरान ग्रामीणों को वेक्टर जनित रोग मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, कालाजार, जेईईएएस, स्क्रब टायफस आदि के बारे में जानकारी देकर बचाव के तरीके बताए। लैब सहायक अवधेश वाड़ेकर ने बताया कि जिले में डेंगू के तीन संदिग्ध केस मिले हैं। जिनकी पुष्टि एलाइजा जांच के बाद होगी। एलाइजा जांच के लिए तीनों मरीजों के नमूने लिए गए हैं। कांधला नई बस्ती में शिविर लगाकर 15 मरीजों को दवा उपलब्ध कराई गई।