शामली/थानाभवन/कांधला। अलग-अलग हुए सड़क हादसों में चालक समेत तीन की मौत हो गई। जबकि दो युवक घायल हो गए। पुलिस को सूचना दे दी गई है। अशोक कुमार काफी समय से शामली के गांव खेड़ीकरमू निवासी नीरज के यहां ट्रैक्टर चालक था। मंगलवार सुबह वह ट्रैक्टर लेकर मुजफ्फरनगर मार्ग पर जा रहा था।
इसी दौरान अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया। अशोक ट्रैक्टर के नीचे दबा रह गया। जिस कारण उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर के नीचे से चालक को निकाला। उसकी पहचान होने पर खेड़ीकरमू निवासी नीरज और अशोक के परिजनों को सूचना दी गई।
उधर, थानाभवन क्षेत्र के ग्राम सोंटा रसूलपुर निवासी आकिल पुत्र सत्तार (24) और नासिर पुत्र इरफान मंगलवार सुबह गांव से बाइक द्वारा थानाभवन आ रहे थे। जब वह दिल्ली सहारनपुर हाइवे पर अर्पण पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे, तो पीछे से आई सहारनपुर डिपो की बस ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। घायलों को थानाभवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से आकिल को मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने जलालाबाद चौकी पर बस रुकवाई।
इसी दौरान चालक बस से उतरकर फरार हो गया। पुलिस ने परिचालक वीरेंद्र निवासी मेरठ को पकड़ लिया। घायल आकिल के चचेरे भाई हामिद पुत्र गफ्फार ने आरोपी चालक के खिलाफ तहरीर दी है। उधर, मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल भेजे गए आकिल की रात करीब सात बजे उपचार के दौरान मौत हो गई।
घोड़ा-बुग्गी से बाइक टकराई, एक की मौत
कांधला। गांव मखमूलपूर निवासी राहुल चचेरे भाई मिंटू के साथ सोमवार दोपहर कांधला में आया था। देर रात वह गांव लौट रहे थे। वह रामपुर खेड़ी मोड़ पर ईट भट्ठे के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे घोड़ा बुग्गी में बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई।
हादसे में दोनो युवक घायल हो गए। राहगीरों ने मामले पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से घायल युवकों को मेरठ रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक सोमवार देर रात उपचार के दौरान राहुल की मौत हो गई, जबकि मिंटू की हालत चिंताजनक बनी हुई है। मंगलवार शाम राहुल के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।