शामली/गढ़ीपुख्ता। क्षेत्र के गांव कैल शिकारपुर में विद्युत निगम की टीम पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप मेें वांछित चल रहे महिला सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
बृहस्पतिवार को एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि 11 फरवरी को 33/11 केवी सब स्टेशन ग्राम दुल्लाखेड़ी के अवर अभियंता सौरभ कुमार सक्सेना ने थाना गढ़ीपुख्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव कैल शिकारपुर में वे टीम के साथ बिजली चेकिंग करने गए थे। उस दौरान ग्रामीणों ने चेकिंग टीम पर लाठी-डंडों से हमला करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली थी। जेई की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। एसपी ने बताया बृहस्पतिवार को पुलिस ने वांछित तीन आरोपी अरुण, शिवकुमार और महिला मुकेश निवासी कैल शिकारपुर को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।