मां-बेटी को जहर पिलाकर मारने के तीन आरोपी गिरफ्तार
कांधला। खरीदे गए मकान पर कब्जा लेने गई मां-बेटी को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। फरार तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है।
थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी इस्तकार पुत्र मंजूर ने गांव के ही मजाहिर सहित अन्य लोगों पर पत्नी व बेटी को कोल्ड ड्रिंक में जहर देकर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में परिजनों सहित ग्रामीणों ने शव को सुपुर्द ए खाक करने से इनकार कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की खातिर हंगामा किया था। इसके बाद पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शव को सुपुर्द-ए-खाक कराया था।
वहीं, पुलिस ने गढ़ी दौलत मोड़ से हत्या में शामिल मजाहिर, जहूरा और आबिद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इन्हें थाने ले आई और पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश कर दिया। वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षण श्यामवीर सिंह का कहना है कि पुलिस घटना में शामिल फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।