शामली। व्हाट्सएप ग्रुप पर बजरंग दल के जिला संयोजक को फांसी पर लटकाने की टिप्पणी से विवाद पैदा हो गया है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने टिप्पणी करने वाले युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रविवार को बजरंग दल कार्यकर्ता शामली कोतवाली पहुंचे। बजरंग दल के जिला संयोजक विवेक प्रेमी की ओर से इंस्पेक्टर को दी तहरीर में बताया कि शामली केे एक व्हाट्सएप ग्रुप पर एक युवक ने टिप्पणी करते हुए कहा कि विवेक प्रेमी को सरेआम फांसी दी जानी चाहिए। इसकी जानकारी होने पर टिप्पणी डालने वाले के नंबर की आईडी मालूम कराई, तो वह दूसरे समुदाय के युवक का नंबर निकला।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना है कि गौ हत्यारों के खिलाफ आवाज उठाने वाले विवेक प्रेमी की जान को खतरा बना हुआ है। धमकी और भड़काऊ टिप्पणी करने वाले आरोपी युवक के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की जाए। साथ ही विवेक प्रेमी को सुरक्षा प्रदान की जाए।
उधर, मामले में इंस्पेक्टर आरबी सिंह ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान बजरंग दल के नगर संयोजक सन्नी शर्मा, आशू राणा, राहुल जांगिड़, अंशुल कांबोज, आकाश मित्तल, अक्षय कौशिक, प्रिंस राठी, अंशु त्यागी, कर्ण सैनी, अनुज सैनी, देवेंद्र तथा शिवम शर्मा आदि मौजूद रहे।