कैराना। एक व्यक्ति ने लीज पर लिए होटल को खाली करने का दबाव बनाने व धमकी देने का आरोप लगाया है।सहारनपुर के गांव जोगिपुरा उर्फ हमजागढ़ निवासी मुबारिक ने एसपी को पत्र देकर बताया कि उसने वर्ष 2020 में गांव मन्नामाजरा में होटल पांच साल के लिए लीज पर लिया था, जिसका वह समय पर किराया भी अदा कर रहा है। आरोप है कि होटल मालिक उस पर लीज समय पूरा होने से पूर्व ही होटल खाली करने का दबाव बना रहा है और खाली न करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। संवाद
चकरोड़ कब्जा मुक्त कराने की मांग
कैराना। विधवा ने चकरोड़ की भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। गांव रामड़ा निवासी विधवा शिक्षा ने थाना दिवस में डीएम को पत्र देते हुए बताया कि गांव में ही उसकी कृषि भूमि स्थित है। आरोप है कि भूरी पर जाने वाली चकरोड़ पर तीन भाइयों ने अवैध कब्जा कर रखा है। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने तीन दिन पूर्व उसकी करीब आधा बीघा भूमि को भी अपनी भूमि में मिला लिया है और पेड़ भी काटे हैं। डीएम ने जांच के निर्देश दिए हैं। संवाद
प्लाट आवंटित कर मकान बनवाने की मांग की
कैराना। दर्जनों लोगों ने डीएम को पत्र देकर प्लाट आवंटित कर मकान बनवाने की मांग की है।
आर्यपुरी बंजारा बस्ती निवासी दर्जनों लोगों ने शनिवार को थाना दिवस में डीएम को पत्र देते हुए बताया कि वह करीब 40 वर्षों से यहां झुग्गी-झोंपड़ियों में रह रहे हैं। आधार कार्ड सहित सभी आवश्यक दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं और चुनाव में उन्हें मत का अधिकार भी प्राप्त हैं। इसके बावजूद भी उन्हें न प्लॉट मिला है और न ही मकान बने हैं। उन्होंने प्लॉट आवंटित कराने के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनवाने की मांग की है। संवाद
अवैध मिट्टी खनन करने के आरोप
कैराना। अलग-अलग स्थानों पर अवैध मिट्टी खनन करने के आरोप लगे हैं। मामले में डीएम को शिकायत की गई है।
मोहल्ला छड़ियान निवासी कय्यूम ने थाना दिवस में डीएम को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसकी कृषि भूमि कैराना हल्का नंबर-1 में स्थित है। आरोप है कि पड़ोसी किसान अपने खेतों से जेसीबी मशीन से अवैध रूप से मिट्टी खनन कर रहे हैं। चार फुट से अधिक मिट्टी उठाए जाने से उसकी भूमि में भी कटाव हो रहा है, जिससे वह परेशान है। विरोध करने पर आरोपी झगड़ा-फसाद पर उतारू हो जाते हैं। उधर, गांव बराला कुकरहेड़ी निवासी रूकमदीन, मारूफ, हारून आदि ने भी डीएम को पत्र देते हुए आरोप लगाया कि उनकी भूमि में सहखातेदार दो व्यक्ति अवैध रूप से मिट्टी खनन कर रहे हैं। मिट्टी खनन के कारण उनकी डोल नष्ट होने का अंदेशा है। मामले में कार्रवाई की मांग की गई है। संाद