शामली। कंपनी में रुपये इन्वेस्ट कराने के नाम पर 210 करोड़ की धोखाधड़ी करने के मामले में ईडी को गिरोह के संबंध में अहम सुराग हाथ लगे हैं। पता चला है कि शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, सहारनपुर मेरठ ही नहीं गिरोह दिल्ली, हरियाणा, देहरादून, बिहार और अन्य स्थानों के लोगों को भी झांसे में लेकर जल्द अमीर बनने का सब्जबाग दिखाकर निवेश कराया जा रहा था। ईडी के अधिकारियों के अनुसार कंपनी में पांच लाख से अधिक रुपये इनवेस्ट करने वालों को करीब तीन माह पूर्व ही दुबई, इससे पूर्व थाईलैंड , बैंकॉक का भी टूर भी कराया था। जहां पर जाने वाले लोगों के खाने, पीने , ठहरने का जिम्मा गिरोह के एजेंटों का ही होता है। यही नहीं फ्लाइट का टिकट भी एजेंट ही बुक कराते हैं।
सूत्रों के अनुसार, विदेशों में टूर पर जाने वाले लोगों की जांच भी ईडी ने शुरू कर दी है। देखा जा रहा है कि आखिर उन लोगों पर कितनी संपत्ति है और वे विदेशों में किस-किस से मिले। पता चला है कि सरगना ही लोगों को विदेश बुलाने के लिए खुद ही पासपोर्ट बनवाता था।
एजेंंटों को मिलता है 5 से लेकर 10 हजार रुपये तक का कमीशन
रुपये इन्वेस्ट कराने के लिए हर जिले में 10 से 12 सदस्य बनाए हुए हैं, जो लोगों को झांसे में लेकर रुपये लगवाते है। ईडी के छापे के बाद अब मौखिक रूप से भी पुलिस से कुछ लोगों ने रुपये लगाने की शिकायत की है। पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। ईडी सदस्यों के अनुसार, उन्हें पता चला है कि बनाए गए एजेंटों को एक सदस्य को जोड़ने के बदले 5 से लेकर 10 हजार रुपये तक का कमिशन दिया जाता है।
कुछ दिन पूर्व ही दुबई गया था नवाब
बताया गया कि करीब तीन माह पूर्व ही शामली का नवाब दुबई भी गया था। अब वह दुबई में किस-किससे मिला, इसकी जांच पड़ताल शुरू हो गई है। शामली का नवाब दुबई में बैठे मुजफ्फरनगर के नवाब का पूरा कारोबार संभाल रहा था। वह उसका दाहिना हाथ बना था।
कार्यक्रमों में बुलाई जाती है फिल्मी हस्तियां
रुपये इनवेस्ट करने वालों को दुबई और अन्य स्थानों पर बुलाया जाता है, जहां पर एक कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। जिसमें फिल्मी हस्तियों को भी बुलाया जाता है। ताकि लोग फिल्म अभिनेताओं, अभिनेत्रियों को देखकर कंपनी पर विश्वास करें और अधिक से अधिक रुपये लगाए।
पहले मेडिकल स्टोर चलाता था नवाब
ग्रामीणों ने बताया कि नवाब पहले गांव में ही मेडिकल स्टोर चलाता था। जिसके कारण उसे ग्रामीण डाक्टर बोलने लगे थे। यही नहीं गांव में नवाब ने आलीशान बंगला बनाया हुआ है। नवाब लग्जरी गाड़ियों में घूमने का शौकीन है। कुछ दिन पूर्व ही वह गांव में भी पहुंचा था।
हाल ही में गिरोह के सरगना ने की थी बहन की शादी
ईडी के अधिकारियों के अनुसार जांच में पता चला है कि दुबई में बैठे नवाब ने हाल ही में अपनी बहन की शादी की थी। जिसमें शामली, बागपत के रुपये निवेश कराने वाले एजेंटों को भी बुलाया गया था। जो भी सदस्य दुबई बुलाए गए थे, उनका वीजा, पासपोर्ट और जाने का खर्च खुद सरगना ने वहन किया था। ईडी दुबई जाने वाले लोगों का ब्योरा तैयार कर रही है। उनसे भी जल्द पूछताछ करने की बात कहीं है।
शामली के सलेक विहार मोहल्ले में ईडी के छापे के दौरान मौजूद सीआरपीएफ के जवान। संवाद- फोटो : स्रोत सोशल मीडिया