कैराना। सेंट आरसी कान्वेंट स्कूल में हुए हमले के मामले में अभी तक कार्रवाई न होने पर मामला बिगड़ता जा रहा है। गत शनिवार को स्कूल में नववर्ष के कार्यक्रम के दौरान बाहरी युवकों ने स्कूल के छात्रों पर हमला कर दिया था। इस मामले में बुधवार को भाजपा नेता अनिल चौहान समर्थकों के साथ स्कूल पहुंचे। उन्होंने डायरेक्टर यशपाल पंवार से कहा कि अगर पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ती है तो आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, शाम को अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार झा भी स्कूल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी। मान्यता प्राप्त विद्यालय महासभा के पदाधिकारियों ने एसपी से मुलाकात कर कहा कि शिक्षण संस्थान में घुसकर हमला करना बेहद शर्मनाक है, ऐसी वारदात करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान महासभा के अध्यक्ष योगेंद्र निर्वाल, महासचिव उमेश शर्मा आदि रहे।
उधर, रालोद नेताओं ने भी घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शामली में वीवी इंटर कॉलेज मार्केट स्थित कार्यालय पर युवा रालोद के प. उप्र महासचिव सुनील मलिक की अध्यक्षता में बैठक हुई।
संचालक जिलाध्यक्ष रजनीश कोरी ने किया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षण संस्था में घुसकर हमला करना अराजकता को प्रमाणित करता है। ऐसे प्रकरणों में सभी राजनीतिक लोगों को एकजुट होकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करनी चाहिए। इस दौरान विकास धीमान, आशुतोष पंवार, संजय सैनी, बलवंत सिलावर, प्रवेंद्र, अंकित मलिक, जगमोहन, संजीव आदि रहे।