शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में रात को चोरों ने दिल्ली रोड पर अजंता चौक के निकट दो दुकानों में सेंध लगाकर नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया। शहर के कैराना रोड कांबोज वाली गली निवासी पूरणचंद की अजंता चौक के निकट शूज की दुकान है। इस दुकान के बराबर में ही राजीव संगल की हार्डवेयर की दुकान है। इन दुकानों के पीछे बस स्टैंड का खाली मैैदान है। बृहस्पतिवार रात चोरों ने पीछे मैदान की तरफ से दुकानों में सेंध लगाकर चोरी कर ली। घटना का पता शुक्रवार सुबह उस समय चला जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकान पर पहुंचे। चोरी का पता चलने पर आसपास के दुकानदार और व्यापारी इकट्ठे हो गए। शूज की दुकान करने वाले पूरणचंद ने बताया कि चोरों ने उसकी दुकान से करीब 3400 रुपये नकद और 50 हजार रुपये का सामान चोरी किया है। हार्डवेयर की दुकान करने वाले राजीव संगल ने बताया कि दुकान से करीब 25 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दो दुकानों मेें चोरी की घटना होने की जानकारी मिली है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।