पावटी कलां की नहीं होंगी पुनर्मतगणना: एसडीएम
कैराना। ग्राम पंचायत पावटी कलां की पुनर्मतगणना नहीं कराई जाएंगी। महिला ग्राम प्रधान ने इस पर रोक के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर कर रखी हैं।एसडीएम शिव प्रकाश यादव ने बताया कि उक्त मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन हैं। जब तक कोर्ट का फैसला नहीं आता तब तक पुनर्मतगणना नहीं कराई जाएगी।
2021 में पंचायत चुनाव के दौरान पावटी कलां ग्राम पंचायत के चुनाव में मौजूदा महिला ग्राम प्रधान साजिदा को 993 व दूसरे नंबर पर रही प्रत्याशी अनीता को 990 वोट मिले थे। जिसमें साजिदा को 3 वोटों से विजय घोषित किया गया था। पिछले दिनों दूसरे नंबर पर रहीं प्रत्याशी अनीता ने एसडीएम कैराना शिव प्रकाश यादव की कोर्ट में वायदा दायर करते हुए पुनर्मतगणना कराने की मांग की थी। 23 दिसंबर 2022 को एसडीएम ने 2 जनवरी 2023 को ग्राम पंचायत पावटी कलां के वोटों की पुनर्मतगणना के आदेश जारी किए थे। इसी बीच मौजूदा ग्राम प्रधान साजिदा ने एसडीएम कोर्ट में हलफनामा देते हुए अवगत कराया था कि उसका स्वास्थ्य ठीक नहीं हैं। जिस कारण वह दो जनवरी को होने वाली पुनर्मतगणना में हाजिर नहीं हो सकती। जिसके बाद एसडीएम ने 9 जनवरी को पुनर्मतगणना कराए जाने की तारीख नियत की थी। इसी बीच 3 जनवरी को मौजूदा महिला ग्राम प्रधान साजिदा ने एसडीएम के जारी किए गए पुनर्मतगणना के आदेश पर स्टे लेने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी थी। 5 जनवरी को हाईकोर्ट में उक्त मामले में सुनवाई होने के बाद कोर्ट ने अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया था।