संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। आगामी 7 से 10 मार्च तक शहर के वीवी डिग्री कॉलेज में होने वाले शामली महोत्सव कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। कार्यक्रमों के दौरान रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रहेगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों की बैठक कर कार्यक्रम को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने शामली महोत्सव की घोषणा करते हुए कहा कि शामली में पहली बार यह भव्य महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जो कला, संस्कृति और विविधता का उत्सव होगा। यह चार दिवसीय महोत्सव होगा। इस महोत्सव में प्रसिद्ध कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ स्थानीय विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्रों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके अलावा, खाना खजाना में शामली और अन्य स्थानों के स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध होंगे, जबकि शॉपिंग स्टॉल्स पर विविध प्रकार की वस्तुएं बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी।
महोत्सव के प्रचार-प्रसार हेतु प्रशासन द्वारा स्वच्छ शामली संकल्प नामक एक जागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य स्वच्छता और स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। अभियान के तहत एक विशेष प्रचार वाहन संपूर्ण जिले का भ्रमण करेगा और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेगा। यह वाहन 28 फरवरी को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शामली कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि महोत्सव के माध्यम से शामली को क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना चाहते हैं।