शामली। अब परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की मनमानी नहीं चलेगी। शासन ने आम लोगों द्वारा शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया है। यह नंबर विद्यालयों की दीवारों पर अंकित किया जाएगा।
जनपद में संचालित परिषदीय विद्यालयों में जिम्मेदारों द्वारा की जा रही लापरवाही और खामियां अधिकारियों के औचक निरीक्षण के समय ही सामने आ पाती थी। इस पर अंकुश लगाने के लिए शासन ने टोल फ्री नंबर जारी कर दिया है, ताकि आम-जनमानस विद्यालय संबंधी शिकायतों को टोल फ्री नंबर के माध्यम से कर सकेगा। अधिकारियों को ग्रामीण, अभिभावकों की ओर से अक्सर समय से शिक्षकों के विद्यालय न आने या देर से विद्यालय खुलने की शिकायत मिलती रहती है। साथ ही यह भी शिकायत रहती थी कि शिक्षक आते ही नहीं हैं।
ऐसे में शासन ने टोल फ्री नंबर 18008893277 जारी कर इसे विद्यालय की दीवारों पर अंदर व बाहर चस्पा करने और गूगल लिंक पर इसे अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यातायात के सामान्य नियम भी विद्यालयों की दीवारों पर लिखने के निर्देश दिए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी लता राठौर ने इस संबंध में सभी परिषदीय व कंपोजिट विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी किए हैं। विद्यालयों में टोल फ्री नंबर व यातायात के सामान्य नियम दीवारों पर अंकित किए जाने लगे हैं।
यह मिलेंगे लाभ
इस पहल से अभिभावकों और ग्रामीणों को अपनी विद्यालय से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने का एक आसान और सुलभ तरीका मिलेगा, जिससे विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो सकता है। कोई भी टोल फ्री नंबर पर इस प्रकार की शिकायत कर सकते हैं।
1-शिक्षा की गुणवत्ता का स्तर
2-शिक्षकों के देरी से पहुंचने की
3-शिक्षकों के अनुपस्थित रहने की
4-मिड-डे मील में गुणवत्तापूर्ण भोजन न मिलने की
5-विद्यालय में शिक्षकों की कमी
6-विद्यालय की स्वच्छता और रखरखाव संबंधी