शामली। शामली चीनी मिल तकनीकी खराबी के कारण करीब तीन घंटे बंद रही। रात में गन्ना अधिक आने के कारण गन्ना वाहनों से जाम की स्थिति बन गई।
शामली चीनी मिलमें रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे तकनीकी खराबी आने के कारण पेराई कार्य बाधित हो गया। इसके बाद करीब तीन घंटे तक मरम्मत कार्य के बाद मिल चालू हो गई। मिल प्रबंधन ने किसानों को मोबाइल पर मेसेज भेजकर गन्ना लाने से रोक दिया था, लेकिन इसके बाद भी किसान गन्ना लाते रहे। शाम को गन्ने से लदी बुग्गी और ट्रैक्टर ट्रालियों की लाइन लगनी शुरू हो गई। रात तक मिल रोड से लेकर हनुमान रोड, अस्पताल रोड पर गन्ना वाहनों की लाइन लग गई।
गन्ना वाहनों की भीड़ के कारण शहर के मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। इसकी वजह से वाहनों का दबाव मेरठ करनाल हाईवे पर बढ़ने से वहां भी जाम के हालात बन गए। मिल के वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक दीपक राणा ने बताया कि सुबह करीब ढ़ाई घंटे मिल में तकनीकी खराबी आने से पेराई बंद हो गई थी। किसानों को मोबाइल पर मेसेज भेजकर गन्ना लाने से रोक दिया था। शाम को किसान गांव में रुका हुआ गन्ना लेकर पहुंच गए, जिससे समस्या बन गई।